घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, चांदी की पायल बरामद
नेवई पुलिस ने सुलझाया सात महीने पुराना चोरी का मामला

भिलाई। थाना नेवई पुलिस ने घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से चोरी गई चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद कर जप्त की है। गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार स्टेशन मरोदा निवासी सोहद्रा साहू ने 25 नवंबर 2025 को थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की आलमारी में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 383/2025 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को संदेह के आधार पर पूर्णिमा साहू से पूछताछ की गई। पूछताछ में मिले तथ्यों और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से चोरी गई चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद की। बरामद पायल का वजन क्रमशः 33.800 ग्राम और 28.680 ग्राम बताया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 13 जून 2026 को पूर्णिमा साहू को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपिया ने घर में रखे कीमती आभूषणों को चोरी कर अवैध लाभ प्राप्त करने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
आरोपी का नाम :
1. पूर्णिमा साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम रुपास, जिला भरतपुर (राजस्थान), वर्तमान पता शंकरनगर, वार्ड क्रमांक 18, शास्त्री चौक, कैम्प-1, सुपेला, भिलाई।
