कलेक्टोरेट के आधार सेवा केंद्र में चोरी का खुलासा, दो नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार

दुर्ग। कलेक्टोरेट परिसर स्थित आधार सेवा केंद्र में हुई चोरी की घटना का सिटी कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में दो आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी की गई नगदी राशि और लैपटॉप बैग बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार रसमड़ा निवासी निलेश कुमार साहू कलेक्टोरेट परिसर स्थित आधार सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। उन्होंने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि 12 जून की शाम कार्यालय बंद कर घर जाने के बाद 13 जून की सुबह जब वे कार्यालय पहुंचे तो सामने के दरवाजे की कुंडी उखड़ी हुई थी। कार्यालय के भीतर रखे सामान भी क्षतिग्रस्त मिले। जांच करने पर टेबल की दराज में रखी नगदी राशि और लैपटॉप बैग गायब मिला।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 309/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विनस कुमार कुल्थी, गिरीराज तिवारी उर्फ बबलू तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हित कर पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों और विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से चोरी की गई 3 हजार रुपये नगद राशि और एक लैपटॉप बैग बरामद कर जप्त किया है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरोपी का नाम :
1. विनस कुमार कुल्थी, उम्र 19 वर्ष, निवासी आलू गोदाम के सामने, तितुरडीह, दुर्ग।
2. गिरीराज तिवारी उर्फ बबलू, निवासी वार्ड क्रमांक 58, बॉम्बे आवास, उरला, दुर्ग। 3. 02 विधि से संघर्षरत बालक।
