हथियार लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

हथियार लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का दांतेदार धारदार हथियार बरामद किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दादर रोड पुलिया के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नितिन कुमार डहरिया उर्फ बंटी (28 वर्ष) निवासी ग्राम दादर, थाना भिलाई-03, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 14 इंच लंबा लोहे का धारदार दांतेदार हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी धारदार हथियार के साथ रील बनाकर उसका प्रदर्शन कर रहा था, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 295/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जब्त हथियार की अनुमानित कीमत 300 रुपये बताई गई है।