रौंदा समिति में 15 लाख का धान-बारदाना गबन, प्रभारी गिरफ्तार

दुर्ग। सेवा सहकारी समिति मर्यादित रौंदा में धान और बारदाना गबन के मामले में धमधा पुलिस ने समिति प्रभारी को गिरफ्तार किया है। जांच में 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य का धान और नया बारदाना कम पाए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के संयुक्त जांच दल ने सेवा सहकारी समिति रौंदा का आकस्मिक निरीक्षण और भौतिक सत्यापन किया था। जांच के दौरान अभिलेखों में दर्ज धान और वास्तविक भंडारण के बीच बड़ा अंतर सामने आया।

प्रतिवेदन के मुताबिक खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समिति द्वारा 73,952.80 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। दस्तावेजों के अनुसार उपलब्ध होने वाले स्टॉक की तुलना में भौतिक सत्यापन के दौरान 560.28 क्विंटल धान और 2103 नग नया बारदाना कम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 15 लाख 8 हजार 161 रुपये आंकी गई है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना धमधा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर समिति प्रभारी जगदीश कुमार नवरंगे (60) निवासी पेंड्रावन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार समिति के अभिलेखों और वास्तविक भंडारित शासकीय धान एवं बारदाना के बीच पाए गए अंतर से शासकीय संपत्ति के गबन और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
