हार्वेस्टर देने के नाम पर किसानों से लाखों रुपये वसूलने वाला अधिकृत डीलर गिरफ्तार

दुर्ग। नया हार्वेस्टर उपलब्ध कराने के नाम पर किसानों से लाखों रुपये लेने और मशीन नहीं देने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने करीब 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में हार्वेस्टर के अधिकृत डीलर वरूण प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार परशुराम साहू, धनेश ढीमर और टीकाराम साहू ने अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई थी कि मेसर्स दुर्ग ट्रैक्टर्स के अधिकृत डीलर वरूण प्रताप सिंह ने नया हार्वेस्टर उपलब्ध कराने के लिए उनसे राशि ली, लेकिन भुगतान के बाद भी मशीन नहीं दी गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि आरोपी लगातार उन्हें टालता रहा।

जांच में सामने आया कि आवेदकों ने हार्वेस्टर खरीदने के लिए बैंक से फाइनेंस कराया था। बैंक से राशि सीधे आरोपी की फर्म के खाते में ट्रांसफर की गई थी। इसके अलावा कुछ रकम नगद भी दी गई थी। इसके बावजूद हार्वेस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया।
पुलिस जांच में यह पाया गया कि आरोपी ने परशुराम साहू से नया हार्वेस्टर दिलाने के नाम पर करीब 27 लाख रुपये प्राप्त किए, लेकिन मशीन उपलब्ध नहीं कराई। इसके आधार पर थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 515/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी वरूण प्रताप सिंह (36 वर्ष), निवासी मालवीय नगर, शांति निकेतन अपार्टमेंट, मोहन नगर, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी हार्वेस्टर उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये लिए हैं। ऐसे मामलों की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में जिला बालोद के डौण्डी लोहारा थाना में मारपीट, अवैध बंधक बनाने और वसूली से संबंधित प्रकरण भी दर्ज रह चुका है।
