इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ दबंगई दिखाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार

रानी तराई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपियों को भेजा गया जेल

इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ दबंगई दिखाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार

दुर्ग। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर धारदार हथियार के साथ दबंगई दिखाते हुए आपत्तिजनक पोस्ट साझा करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। रानी तराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार थाना रानी तराई क्षेत्र के ग्राम औसर के कुछ युवकों द्वारा इंस्टाग्राम पर रौब झाड़ते हुए धारदार हथियार के साथ फोटो और आपत्तिजनक पोस्ट साझा किए गए थे। मामला समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया।

रानी तराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित युवकों की पहचान कर उन्हें थाना बुलाया। पूछताछ में आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और 26 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुलाराम गायकवाड़ उम्र 22 वर्ष और गुलशन भारती उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम औसर थाना रानी तराई जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ दबंगई दिखाकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आरोपी का नाम :

1. तुलाराम गायकवाड़, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम औसर थाना रानी तराई जिला दुर्ग
2. गुलशन भारती, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम औसर थाना रानी तराई जिला दुर्ग