आईटीआई मैदान के पास गांजा बेच रहा था आरोपी, पुलिस ने 10 किलो से ज्यादा गांजा के साथ दबोचा
नगदी और मोटरसाइकिल भी जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 710 ग्राम गांजा, 1480 रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, खुर्सीपार क्षेत्र के आईटीआई मैदान के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गांजा बेचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से 10 किलो 710 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सन्नी यादव उर्फ देवार, उम्र 32 वर्ष, निवासी देवार पारा मछली मार्केट खुर्शीपार भिलाई बताया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में गांजा बिक्री करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
