ऑनलाइन IPL सट्टा मामले में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 पकड़े गए

दुर्ग। आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 7 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 12 अप्रैल 2026 को कंडरापारा इलाके में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऋषभ नगर निवासी विकास जैन अपने मकान में आईपीएल मैच के दौरान मोबाइल फोन और ऑनलाइन एप के जरिए हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान विकास जैन, रौनक ताम्रकार और प्रवीण ताम्रकार को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा गया। उनके कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी रकम, पॉकेट डायरी और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए थे।

मामले में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और धारा 112(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों अक्षत बोहरे, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद अय्युब और प्रकाश सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में ऑनलाइन सट्टा संचालन में संलिप्तता सामने आने पर सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 9,810 रुपये नगद और सट्टे के हिसाब-किताब से संबंधित डायरी व अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 89,810 रुपये बताई गई है।
पूर्व में गिरफ्तार
1. विकास जैन, उम्र 45 वर्ष, निवासी ऋषभ नगर दुर्ग
2. रौनक ताम्रकार, उम्र 38 वर्ष, निवासी शिवपारा दुर्ग
3. प्रवीण ताम्रकार, उम्र 20 वर्ष, निवासी गवलीपारा दुर्ग
आज दिनांक को गिरफ्तार
4. अक्षत बोहरे, उम्र 39 वर्ष, निवासी गणपति विहार कॉलोनी, पद्मनाभपुर
5. मोहम्मद आदिल, उम्र 35 वर्ष, निवासी जवाहर चौक दुर्ग
6. मोहम्मद अय्युब, उम्र 49 वर्ष, निवासी डिपरापारा दुर्ग
7. प्रकाश सोनी, उम्र 49 वर्ष, निवासी मैथिलपारा दुर्ग

