घरेलू विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की ली जान, भिलाई में लोहे के रापा से हमला

घरेलू विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की ली जान, भिलाई में लोहे के रापा से हमला

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर धारदार लोहे के रापा से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को माया नगर एचएससीएल कॉलोनी, रुआबांधा सेक्टर में दो सगे भाइयों के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मनोज यादव ने अपने बड़े भाई अशोक यादव पर घर में रखे धारदार लोहे के रापा से हमला कर दिया। हमले में अशोक यादव के सिर और कनपटी पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों और पुलिस की मदद से घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभ में मामले में धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) बीएनएस भी जोड़ दी। विवेचना के दौरान आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार लोहे का रापा भी जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से घरेलू और पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह खूनी वारदात हुई।