रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया ASI, कार्रवाई हल्की करने मांगे थे 40 हजार

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया ASI, कार्रवाई हल्की करने मांगे थे 40 हजार

सक्ती। जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एसएन. मिश्रा को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी पर एक मारपीट मामले में कार्रवाई हल्की करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव की एक महिला द्वारा दर्ज कराए गए मारपीट मामले में उसके परिवार पर सख्त कार्रवाई न करने के एवज में चंद्रपुर थाना में पदस्थ ASI एसएन. मिश्रा ने 40 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने पूरे मामले की जानकारी एसीबी को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने मामले की गोपनीय जांच और सत्यापन किया। जांच में शिकायत सही पाई गई। टीम को यह भी पता चला कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था और बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

इसके बाद एसीबी बिलासपुर ने ट्रैप की पूरी योजना तैयार की। शनिवार को शिकायतकर्ता को आरोपी ASI ने चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में बुलाया। यहां शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी को 20 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ पहले से भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं, हालांकि इस बार एसीबी ने पुख्ता सबूत के साथ कार्रवाई की। फिलहाल एसीबी आरोपी ASI के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।