24 घंटे में 88 स्थायी वारंटी गिरफ्तार

दुर्ग। फरार आरोपियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 88 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।

एसएसपी के निर्देश के बाद सभी राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में टीम गठित कर वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की। इसके तहत पुलिस टीमों ने वारंटियों के संभावित ठिकानों और निवास स्थानों पर एक साथ दबिश दी, जिससे बड़ी संख्या में फरार आरोपी पकड़े गए।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से लंबित वारंटों की तामीली और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। गिरफ्तार सभी वारंटियों के खिलाफ न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

थाना अनुसार गिरफ्तारी का आंकड़ा:
दुर्ग से 3, मोहन नगर से 9, अंजोरा से 6, नगपुरा से 2, पद्मनाभपुर से 6, भिलाई नगर से 8, भिलाई भट्टी से 4, नेवई से 1, सुपेला से 14, स्मृति नगर से 4, वैशाली नगर से 3, छावनी से 1, जामुल से 7, खुर्सीपार से 3, पुरानी भिलाई से 4, उतई से 5, अमलेश्वर से 2 और नंदिनी से 6 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, बीट प्रभारी और वारंटी तामीली टीमों की अहम भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से यह बड़ी सफलता मिली।


