सेक्टर-6 में अनफिट क्वार्टरों पर फिर चला बुलडोजर, अवैध कब्जे हटाए गए

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग ने सेक्टर-6 में अनफिट घोषित आवासीय ब्लॉकों के खिलाफ कार्रवाई एक बार फिर तेज कर दी है। नगर अभियांत्रिकी और प्रवर्तन टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध कब्जे हटाते हुए चरणबद्ध तरीके से ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया गया है।

रविवार को सेक्टर-6, एवेन्यू-बी स्थित ब्लॉक नंबर 6 और 8 में डिमोलिशन का काम किया गया। इस दौरान एक लीजधारी को विभाग की ओर से उपलब्ध वैकल्पिक आवास योजना की जानकारी दोबारा दी गई और उसका लाभ लेने के लिए कहा गया।

अधिकारियों के मुताबिक, जिन लीज और लाइसेंस धारकों को वैकल्पिक आवास की सुविधा दी जा रही है, उन्हें नियमों के तहत शिफ्ट होने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि ये सभी ब्लॉक रहने के लिहाज से असुरक्षित घोषित किए जा चुके हैं।

यह पूरा अभियान कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार के निर्देश पर चल रहा है। महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं) ए.बी. श्रीनिवास के मार्गदर्शन में और सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन) रेमी थॉमस के नेतृत्व में टीम मैदान में उतरी है। कार्रवाई में मुकुंद दास मानिकपुरी, देवानंद चौहान सहित प्रवर्तन अमले और सुरक्षा कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने भी मौके पर मौजूद रहकर पूरा सहयोग दिया।
नगर सेवाएं विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। सभी कब्जाधारियों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से मकान खाली कर दें और वैकल्पिक व्यवस्था का लाभ लें, क्योंकि ये क्वार्टर अब रहने लायक नहीं बचे हैं।

