आईपीएल के नाम पर करोड़ों का खेल, दुर्ग पुलिस ने तोड़ा अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह, 5 मास्टरमाइंड गिरफ्तार

आईपीएल के नाम पर करोड़ों का खेल, दुर्ग पुलिस ने तोड़ा अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह, 5 मास्टरमाइंड गिरफ्तार

भिलाई। आईपीएल सीजन की आड़ में चल रहे करोड़ों के अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में गिरोह के 5 मुख्य संचालकों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है, जो गोवा, रायपुर, भिलाई समेत विभिन्न राज्यों से इस अवैध नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।

मामला सिटी कोतवाली थाना दुर्ग क्षेत्र का है, जहां अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं और बीएनएस के प्रावधानों में जांच के दौरान इस बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई में पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इसके बाद तकनीकी और वित्तीय जांच को आगे बढ़ाते हुए गिरोह के ऊपरी स्तर तक पहुंचकर 5 और मुख्य सदस्यों को पकड़ा गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी इंटरनेट, व्हाट्सएप कॉल और इंस्टाग्राम कॉल के जरिए संपर्क में रहते थे। फर्जी सिम कार्ड, म्यूल अकाउंट और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था। इस नेटवर्क का संचालन छत्तीसगढ़ के साथ-साथ गोवा और अन्य राज्यों से भी किया जा रहा था, जिससे इसका दायरा काफी बड़ा था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के जरिए प्रतिदिन करीब 10 से 15 लाख रुपये का लेनदेन हो रहा था, जबकि महीने भर में यह आंकड़ा 4 से 5 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा था। आईपीएल मैचों के दौरान अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से इस संगठित सट्टा रैकेट को चलाया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 45 बैंक पासबुक, 76 एटीएम कार्ड, 10 चेक बुक, 1 वाई-फाई राउटर, 5 सिम कार्ड, आधार और पैन कार्ड सहित 2 लाख 70 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री से यह साफ है कि गिरोह तकनीकी और वित्तीय रूप से काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था।

आरोपी का नाम :

1. राहुल रंगवानी, उम्र 26 वर्ष, निवासी देवपुरी, रायपुर।
2. सोविंद यादव उर्फ राजू यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।
3. संदीप कापसे, उम्र 25 वर्ष, निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र।
4. अमन अली, उम्र 23 वर्ष, निवासी गौतम नगर, खुर्सीपार, भिलाई।
5. हुसैन अली, उम्र 21 वर्ष, निवासी गौतम नगर, खुर्सीपार, भिलाई।

जब्त सामग्री :

1. 03 लैपटॉप
2. 26 मोबाइल फोन
3. 45 बैंक पासबुक
4. 76 एटीएम कार्ड
5. 10 चेक बुक
6. 01 वाई-फाई राउटर
7. 05 सिम कार्ड
8. 02 आधार कार्ड
9. 02 पैन कार्ड
10. नगद राशि 2,70,000/- रुपये