लक्ष्मी मार्केट गली में सट्टा का खेल बेनकाब, एक गिरफ्तार, कई फरार

लक्ष्मी मार्केट गली में सट्टा का खेल बेनकाब, एक गिरफ्तार, कई फरार

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा संचालन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लक्ष्मी मार्केट स्थित शंकर पारा गली में की गई, जहां लंबे समय से सट्टा खिलाए जाने की शिकायत मिल रही थी।

पुलिस के मुताबिक टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लोगों से रुपए लेकर अंकों के आधार पर सट्टा खेला रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई को अंजाम दिया। छापे के दौरान एक व्यक्ति मौके पर सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया, जबकि वहां मौजूद अन्य लोग पुलिस को देखकर भाग निकले।

पकड़े गए आरोपी से पूछताछ करने पर उसकी पहचान गोलू उर्फ सन्नी यादव (29), निवासी कांट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी पर्ची, 400 रुपए नगद और डॉट पेन बरामद कर जब्त किया है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है