दुर्ग में हुक्का-ई-सिगरेट पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने दो कारोबारियों को दबोचा
छापे में 1 लाख से ज्यादा की प्रतिबंधित सामग्री जब्त, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

दुर्ग। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच मोहन नगर पुलिस ने हुक्का और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। मालवीय नगर इलाके में दबिश देकर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक 22 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैन मंदिर के सामने स्थित एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान दुकान से 55 पैकेट हुक्का फ्लेवर, 40 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का नोजल और कोयला सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा 600 रुपये नगद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 2 हजार 100 रुपये आंकी गई है।

इस मामले में पुलिस ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश जैन (38) और शैलेश जैन (36), दोनों निवासी मालवीय नगर, दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और ई-सिगरेट बेचकर अवैध तरीके से मुनाफा कमा रहे थे। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

