केमिकल फैक्ट्रियों पर घमासान, विधानसभा के जवाब से असंतुष्ट विधायक ने EOW को लिखा पत्र

भिलाई। दुर्ग जिले में एक ही पते पर संचालित केमिकल फैक्ट्रियों का मामला अब और गरमा गया है। भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया था, लेकिन मिले जवाब से असंतुष्ट होकर अब उन्होंने आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) को पत्र लिख दिया है।

विधानसभा में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने अपने जवाब में कहा कि इस तरह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि इसी जवाब में यह भी सामने आया कि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने फरवरी 2025 में जांच कराई थी, जिसमें 16 में से 8 उद्योग पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के दोषी पाए गए।

इसके अलावा जून 2025 में एक शिकायत में उद्योगों द्वारा तथ्यों को छिपाकर केंद्रीय पर्यावरण स्वीकृति लेने का आरोप भी लगाया गया, लेकिन इस पर जांच समिति का गठन नहीं किया गया। एक अन्य शिकायत पर विभागों के बीच पत्राचार जरूर हुआ, जबकि मामला EOW में भी दर्ज है और उसकी जांच रिपोर्ट अब तक लंबित बताई गई है।

विधायक देवेंद्र यादव ने 20 अप्रैल 2026 को EOW को लिखे पत्र में साफ कहा है कि विधानसभा में दिए गए जवाब में विरोधाभास है। एक ओर शिकायत न होने की बात कही गई, वहीं दूसरी ओर जांच और उल्लंघन की पुष्टि भी सामने आई। उन्होंने पूरे मामले में अब तक की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा मांगा है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब जांच एजेंसियों को देना होगा।

