गुरुद्वारे में खूनी संघर्ष, कमेटी विवाद बना हिंसा की वजह, 11 घायल
धार्मिक कार्यक्रम से पहले भड़की झड़प, चाकू-कृपाण और कथित पिस्टल का इस्तेमाल

जर्मनी के मोर्स शहर के ड्यूसबर्ग इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच अचानक हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस घटना में कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़ा इतना बढ़ गया कि हालात बेकाबू हो गए। करीब 40 लोग इस भिड़ंत में शामिल थे। जैसे ही गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रम शुरू होने वाला था, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई से होते हुए हिंसा में बदल गया।
घटना के दौरान चाकू, कृपाण और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया गया। कुछ लोगों ने दावा किया कि एक व्यक्ति ने पिस्टल से फायरिंग भी की, हालांकि पुलिस को अब तक कोई असली हथियार नहीं मिला है। शुरुआती जांच में इसे ब्लैंक-फायरिंग पिस्टल बताया जा रहा है, जो असली गोली नहीं चलाती, लेकिन धमाका करती है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद गुरुद्वारे की कमेटी के चुनाव और फंड को लेकर था। पुराने और नए प्रबंधन के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो आखिरकार हिंसा में बदल गया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि यह हमला पहले से सुनियोजित लग रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
