दुर्ग-भिलाई में एक ही दिन 4 चोरी की वारदात, बंद घर और वाहन बने निशाना

दुर्ग-भिलाई में एक ही दिन 4 चोरी की वारदात, बंद घर और वाहन बने निशाना

भिलाई में 14 अप्रैल को चोरी की चार अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में 4 मामले दर्ज होने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। सबसे ज्यादा दो मामले जामुल थाना क्षेत्र से सामने आए हैं, जबकि मोहन नगर थाना क्षेत्र और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक-एक घटना हुई है। चोरों ने कहीं बंद घरों को निशाना बनाया, तो कहीं निर्माण स्थल और सड़क किनारे खड़े वाहन को पार कर दिया।

पहले मामले में सेक्टर-07 निवासी प्रेम प्रकाश यादव के निर्माणाधीन मकान के स्टोर रूम का ताला तोड़कर और दीवार तोड़कर चोरों ने पानी का मोटर, केबल और मशीन समेत करीब 20 हजार रुपए का सामान पार कर दिया।

दूसरी घटना आम्रपाली फेस-2 हाउसिंग बोर्ड में हुई, जहां परिवार के शादी में जाने के दौरान सूने घर का ताला तोड़कर सोने की चैन, 5500 रुपए नकद और एलसीडी टीवी समेत करीब 55 हजार रुपए की चोरी कर ली गई। इसी रात आसपास के दो और घरों में भी चोरी की वारदात हुई।

तीसरे मामले में दीपक नगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर के बाहर खड़ी एक्टिवा स्कूटी दिनदहाड़े चोरी हो गई, जिसकी कीमत करीब 26 हजार रुपए बताई गई है। चौथी घटना ग्राम धनोरा में सामने आई, जहां पुणे गए परिवार के बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने अलमारी से चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान मिलाकर करीब 50 हजार रुपए की चोरी कर ली। पुलिस ने सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है।