लोन दिलाने के नाम पर 66500 रुपए की ठगी, फर्जी बैंक खाते खुलवाकर चेक के जरिए करते थे खेल, पुलिस ने 3 शातिर ठगों को दबोचा

भिलाई। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में फर्जी लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला से 66 हजार 500 रुपए की ठगी की थी और उसे लगातार गुमराह कर रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मौहारी भाठा निवासी पूर्णिमा साहू (33 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि घर खरीदने के लिए लोन लेने के दौरान कुछ लोगों ने पोस्टर के माध्यम से संपर्क कर खुद को लोन दिलाने वाला बताकर भरोसा जीता। आरोपियों ने दस्तावेज लेकर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए और प्रोसेसिंग के नाम पर 66,500 रुपए ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो लोन दिलाया और न ही पैसे लौटाए। उल्टा चेक के दुरुपयोग की धमकी देकर महिला को डराते रहे।

मामले में नेवई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर 10 अप्रैल को तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भूपेश भारती उर्फ राम उर्फ दुर्गेश (27 वर्ष) निवासी ग्राम छाटा, संजय जनबंधु (35 वर्ष) निवासी शारदापारा कैम्प-2 और हेमंत गुप्ता उर्फ किशन गुप्ता (28 वर्ष) निवासी रूआबांधा बस्ती शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(2), 3(5) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लोन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर अवैध तरीके से पैसा वसूलते थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
आरोपी का नाम :
1. भूपेश भारती उर्फ राम उर्फ दुर्गेश, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम छाटा, थाना उतई, जिला दुर्ग
2. संजय जनबंधु, उम्र 35 वर्ष, निवासी कैम्प 02 शारदापारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग
3. हेमंत गुप्ता उर्फ किशन गुप्ता, उम्र 28 वर्ष, निवासी रूआबांधा बस्ती, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग
