भिलाई के इस तालाब में युवक की डूबने से मौत, SDRF ने शव बाहर निकाला

भिलाई। कैंप-2 छावनी क्षेत्र स्थित शारदा तालाब में एक युवक के डूबने से मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग को मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, 8 और 9 अप्रैल की दरम्यानी सूचना पर SDRF दुर्ग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर डीप डाइविंग टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया।

कड़ी मशक्कत के बाद जवान चंद्रप्रताप जघेंल, ओंकार, भानुप्रताप और राजकुमार यादव ने युवक के शव को पानी से बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान संतोष यादव पिता बिसौहा यादव, निवासी शारदा पारा, कैंप-2 भिलाई के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और डूबने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
