बस-ट्रक टक्कर के बाद लगी आग, 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

बस-ट्रक टक्कर के बाद लगी आग, 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले के रायवरम इलाके में गुरुवार सुबह एक भयावह सड़क हादसा हो गया। यहां एक निजी ट्रैवल बस और हाइवा ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आशंका है कि कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।

जानकारी के मुताबिक, बस निर्मल से नेल्लोर की ओर जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जिसके बाद पुलिस और दमकल टीम भी मौके पर पहुंची।

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, शव इतने बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और पूरे मामले की जांच के आदेश भी दे दिए हैं।