9 फीट गहरे नाले में गिरा युवक, 29 घंटे से रेस्क्यू जारी, नहीं मिला कोई सुराग

उत्तर प्रदेश के बरेली में लापरवाही की एक बड़ी तस्वीर सामने आई है। सेटेलाइट बस अड्डे के पास खुले पड़े नौ फीट गहरे नाले में गिरने के बाद एक युवक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे यह हादसा हुआ, जिसका वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में वह पानी में डूब गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रात 12 बजे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार को भी पूरे दिन और देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को लगाया गया है। नगर निगम और प्रशासन की टीमें भारी मशीनों के साथ मौके पर डटी रहीं। नाले को कवर करने वाले मोटे सीमेंटेड स्लैब तोड़ने के लिए रामपुर से पायलिंग मशीन मंगाई गई।

नाले से पानी निकालने और कचरा साफ करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित हुआ। मौके पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य, एडीएम सिटी सौरभ दुबे और सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव भी मौजूद रहे और लगातार स्थिति की निगरानी करते रहे। हैरानी की बात यह है कि करीब 29 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक की न तो तलाश हो पाई है और न ही उसकी पहचान हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शी रवि, जिनकी दुकान के सीसीटीवी में यह घटना कैद हुई, ने बताया कि उन्होंने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में उसका हाथ भी नजर आना बंद हो गया। अब इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। खुले नाले और सुरक्षा के इंतजामों को लेकर जिम्मेदारी तय करने की मांग तेज हो गई है।