हुडको कालीबाड़ी में बासंती पूजा की तैयारी पूरी, आज से होंगे भव्य आयोजन

हुडको कालीबाड़ी में बासंती पूजा की तैयारी पूरी, आज से होंगे भव्य आयोजन

भिलाई। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर भिलाई के हुडको स्थित रबिन्द्र निकेतन कालीबाड़ी में बासंती पूजा 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 19 मार्च से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में ज्योति कलश स्थापना और मूर्ति स्थापना के साथ पूजा की शुरुआत की गई। इसके बाद प्रतिदिन चंडी पाठ, पुष्पांजलि और संध्या आरती का क्रम जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

जनरल सेक्रेटरी रूपक दत्ता व संरक्षक श्यामल रॉय ने बताया कि 24 मार्च से षष्ठी पूजा के साथ बासंती पूजा का विशेष चरण शुरू होगा। 25 मार्च को महा सप्तमी, 26 मार्च को महा अष्टमी और 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर महा नवमी पूजा, यज्ञ और विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

26 मार्च को संधि पूजा का विशेष आयोजन निर्धारित समय पर किया जाएगा, जो इस पूरे उत्सव का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान माना जाता है। 28 मार्च को दशमी पूजा, सिंदूर दान उत्सव और प्रतिमा विसर्जन के साथ इस भव्य आयोजन का समापन होगा।

विजयादशमी के दिन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव की पूर्णाहुति की जाएगी। आयोजन समिति ने जानकारी दी है कि सप्तमी, अष्टमी और नवमी के अवसर पर विशेष महाभोग की व्यवस्था की गई है।

वहीं 25 से 27 मार्च तक प्रतिदिन रात 8 बजे प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। वहीं 2 अप्रैल को हनुमान जयंती और अप्रैल महीने में बंगाली नववर्ष तथा काली-शिव नवग्रह प्रतिष्ठा पूजा का आयोजन भी प्रस्तावित है। कालीबाड़ी समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस बसंती पूजा में शामिल होकर आस्था और संस्कृति के इस महोत्सव का हिस्सा बनें।