रोपवे हादसा:भिलाई की बेटी की मौत, 5 महीने पहले हुई थी शादी, पति ICU में

रोपवे हादसा:भिलाई की बेटी की मौत, 5 महीने पहले हुई थी शादी, पति ICU में

भिलाई। खल्लारी रोपवे हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान आयुषी धावरे (28) के रूप में हुई है, जो सेजेस सिकोसा, जिला बालोद में अंग्रेजी की व्याख्याता के पद पर कार्यरत थीं।

इस दर्दनाक हादसे में उनके पति ऋषभ भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि रोपवे ट्रॉली में उनके अन्य परिजन भी सवार थे, जो इस हादसे का शिकार हुए।

आयुषी धावरे का मायका भिलाई में है, जबकि उनकी शादी करीब 5 महीने पहले रायपुर के राजातालाब में हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ज्ञात हो कि महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में रविवार को रोपवे दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 16 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब नवरात्रि के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए लोग रोपवे का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली का केबल अचानक टूट गया। केबल टूटते ही ट्रॉली लगभग 20 फीट नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए।