भिलाई से रायपुर तक बना ग्रीन कॉरिडोर, गंभीर मरीज को पहुंचाया अस्पताल

दुर्ग। गंभीर मरीज के जीवनरक्षक उपचार के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने सोमवार को भिलाई से रायपुर तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार कर एंबुलेंस को तेज और सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया। पुलिस की मदद से एंबुलेंस लगभग 42 मिनट में मरीज को रायपुर स्थित अस्पताल तक पहुंचाने में सफल रही।

मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी दीपिका भोसले को नेहरू नगर स्थित मित्तल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान उनकी हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही यातायात पुलिस दुर्ग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मित्तल हॉस्पिटल नेहरू नगर भिलाई से रामकृष्ण हॉस्पिटल रायपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। रास्ते में आने वाले प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया और ट्रैफिक को नियंत्रित कर आवश्यक स्थानों पर डायवर्ट किया गया, ताकि एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके।
पूरे मार्ग में वायरलेस के जरिए लगातार समन्वय और निगरानी की गई। इसी समन्वित प्रयास के चलते एंबुलेंस को करीब 42 मिनट में सुरक्षित रूप से रायपुर पहुंचाया गया, जहां मरीज का इलाज जारी है।
इस दौरान यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों और जवानों ने ट्रैफिक व्यवस्था संभालते हुए एंबुलेंस को तेजी से गंतव्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
