बुज़ुर्ग, निराश्रित और मानसिक रूप से कमजोर महिलाओं के बीच मनाया सेवा का पर्व

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर टीम दिशा का संवेदना उत्सव

बुज़ुर्ग, निराश्रित और मानसिक रूप से कमजोर महिलाओं के बीच मनाया सेवा का पर्व

भिलाई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था दिशा ने बुज़ुर्ग, निराश्रित, साधन विहीन एवं मानसिक रूप से कमजोर महिलाओं के बीच पहुँचकर सेवा और संवेदना का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के विभिन्न वृद्धाश्रमों और आश्रय स्थलों में जाकर संस्था के सदस्यों ने महिलाओं के साथ आत्मीयता से महिला दिवस मनाया तथा उन्हें सम्मानपूर्वक बधाई दी।

इस अवसर पर पुलगांव दुर्ग, सेक्टर-8 और सेक्टर-2 भिलाई स्थित वृद्धाश्रमों तथा सेक्टर–3 स्थित फील परमार्थ फाउंडेशन में स्वच्छता सामग्री,फल और एनर्जी ड्रिंक का वितरण किया गया। टीम दिशा की महिला सदस्य सुधा और लक्ष्मी ने विशेष रूप से बुज़ुर्ग महिलाओं से मिलकर उनका हालचाल पूछा और उनके स्वास्थ्य तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली।

इस दौरान फिनाइल, डिटर्जेंट पाउडर, लिक्विड सोप, फल एवं एनर्जी ड्रिंक जैसी आवश्यक सामग्री वितरित कर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव प्रकट किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने यह संदेश दिया कि समाज में रहने वाली प्रत्येक महिला सम्मान, स्नेह और सहयोग की अधिकारी है। महिला दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और उपेक्षित वर्गों तक संवेदना पहुँचाने का अवसर भी है।

 इस सेवा अभियान में सुजीत चक्रवर्ती, रामानुजन राजू, भास्कर देवनाथ, राजेश धारकर, शांतनु दासगुप्ता, अजय दूबे, कल्याण राय, उत्तम डे, जवाहर, केसी राव, एसके दशोरे, जीएस संधू, सुधा और लक्ष्मी की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी सदस्यों ने सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। फील परमार्थ के अमित राज ने  दिशा संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बुज़ुर्गों और विशेषकर मानसिक रूप से कमजोर महिलाओं के जीवन में आत्मीयता और सम्मान का भाव जगाते हैं।