जिला बदर आरोपी धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार

जिला बदर आरोपी धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार

दुर्ग। होली पर्व से ठीक पहले दुर्ग पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक जिला बदर आरोपी को अवैध धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था।

पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि नदी रोड स्थित पानी टंकी के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर घूम रहा है और आम नागरिकों में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रांत उर्फ विक्की चंद्राकर (27 वर्ष), निवासी ग्राम कुनारी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी थाना पुलगांव का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से नौ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और उस पर जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी थी।

जिला बदर अवधि के दौरान क्षेत्र में मौजूद रहकर सार्वजनिक शांति भंग करने और होली के मद्देनजर संभावित गंभीर वारदात की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना स्थल नदी रोड, पानी टंकी के पास, पुलगांव क्षेत्र बताया गया है।