ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर 58 लाख की ठगी: राजस्थान से दो और आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर 58 लाख की ठगी: राजस्थान से दो और आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। रेंज साइबर थाना की टीम ने राजस्थान से दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ताजा गिरफ्तारी आशीष परिहार और लक्ष्मण देवाशी की हुई है। दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं और ठगी के नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

यह पूरा मामला थाना राखी और धरसीवां से जुड़ा है। प्रार्थी पारस कुमार धीवर ने थाना राखी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर उनसे 24 लाख रुपये की ठगी की गई। वहीं ललित साहू ने थाना धरसीवां में 34 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत तकनीकी जांच तेज की गई। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम एप से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। इसी आधार पर गिरोह के मुख्य सदस्यों की पहचान हुई।

इससे पहले पुलिस ने भवानी सिंह (अजमेर), उत्पल पंचारिया (जोधपुर) और साहिल संतोष (नासिक) को गिरफ्तार किया था। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन कमाई के नाम पर मोटा मुनाफा देने का दावा करने वाले ऑफर से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक, टेलीग्राम ग्रुप या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच करें।

गिरफ्तार आरोपी

1. आशीष परिहार, पिता बनवारी लाल परिहार, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डेराथू, नसीराबाद, जिला अजमेर (राजस्थान)

2. लक्ष्मन देवाशी पिता साकला देवासी उम्र 37 वर्ष पता भारला पाली (राजस्थान)।