दुर्ग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरा युवक, डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल, बची जान


भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से एक युवक नीचे गिर गया और उसके पैर में गंभीर चोट आई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए रेस्क्यू शुरू किया। जीआरपी के सहयोग से घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि घुटने के नीचे पैर की स्थिति बेहद गंभीर है। बेहतर इलाज के लिए युवक को रायपुर रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस के जरिए उसे तत्काल रवाना किया गया और साथ में एक अटेंडर भी भेजा गया।

घायल की पहचान भूषण यादव, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी बिहार के रूप में हुई है। वह फिलहाल नागपुर में काम करता है और किसी काम से भिलाई-दुर्ग आया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन में चढ़ते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया।
पुलिस ने युवक के मोबाइल से परिजनों का नंबर निकालकर तुरंत सूचना दी। परिजन बिहार से रवाना हो चुके हैं।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। आरक्षक रमेश प्रसाद जायसवाल और चालक लकेश्वर की त्वरित कार्रवाई और समन्वय के कारण घायल को समय पर इलाज मिल सका।
अगर प्रतिक्रिया में जरा भी देरी होती, तो हालात और गंभीर हो सकते थे। इस मामले में पुलिस की फुर्ती ने एक बार फिर आपातकालीन सेवा की अहमियत साबित की है।