CSVTU में 9.44 लाख की फीस घोटाला: पीएचडी शोधार्थियों से नकद वसूली कर फर्जी रसीद देने वाला आरोपी कनिष्ठ सलाहकार गिरफ्तार

CSVTU में 9.44 लाख की फीस घोटाला: पीएचडी शोधार्थियों से नकद वसूली कर फर्जी रसीद देने वाला आरोपी कनिष्ठ सलाहकार गिरफ्तार

भिलाई। नेवई थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है। पीएचडी शोधार्थियों से निर्धारित शुल्क के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति ने प्रारंभिक जांच में 9 लाख 44 हजार 500 रुपये के गबन की पुष्टि की। जांच में पाया गया कि विश्वविद्यालय की पीएचडी शाखा में कार्यरत कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद शोधार्थियों से नकद राशि लेकर फर्जी फीस रसीद जारी कर रहा था।

प्रतिवेदन के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 062/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर उसका मेमोरण्डम कथन लिया गया और फर्जी शुल्क रसीदों सहित दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस ने 9 फरवरी 2026 को आरोपी सुनील कुमार प्रसाद, उम्र 38 वर्ष, निवासी एचएससीएल कॉलोनी, रूआबांधा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। यह मामला विश्वविद्यालय की आंतरिक वित्तीय व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।