मेडिकल स्टोर-ओपीडी फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

दुर्ग। मेडिकल स्टोर और ओपीडी संचालन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मोहन नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हॉस्पिटल सेटअप और आकर्षक मुनाफे का झांसा देकर पीड़ित से करीब 26 लाख रुपये की ठगी की। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राहुल परिहार (उम्र 40 वर्ष) ने 16 जनवरी 2026 को थाना मोहन नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि टस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों और प्रतिनिधियों ने मेडिकल स्टोर और एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी संचालन हेतु फ्रेंचाइजी देने का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने दावा किया कि फ्रेंचाइजी लेने पर मेडिकल स्टोर का इंटीरियर, ब्रांड प्रमोशन, एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी, पैथोलॉजी सुविधा, दवाइयों का स्टॉक, कर्मचारियों की व्यवस्था और उनका वेतन कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा।

इसके साथ ही प्रतिमाह 1 से 2 लाख रुपये तक मुनाफा होने का भरोसा दिलाया गया। इन आश्वासनों के झांसे में आकर प्रार्थी ने 28 अक्टूबर 2024 को फ्रेंचाइजी शुल्क सहित विभिन्न मदों में कुल 25,93,400 रुपये फोन-पे और आरटीजीएस के माध्यम से कंपनी को भुगतान किए। भुगतान के बाद न तो वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और न ही पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक दिया गया। शिकायत के संबंध में ई-मेल भेजने पर भी कंपनी प्रतिनिधियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने झूठे आश्वासन देकर प्रार्थी से रकम हड़प ली और उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाया। मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रवि पांडे (उम्र 26 वर्ष) निवासी सरोजिनी नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) को विधिवत गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।
