जमीन बिक्री के नाम पर 55 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जमीन बिक्री के नाम पर 55 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भूमि विक्रय के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी के मामले में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को जमीन का एग्रीमेंटधारी बताकर प्रार्थी से लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस जांच में फर्जी दस्तावेज और फर्जी बैंक खाते के जरिए रकम आहरण करने का पूरा तरीका सामने आया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

प्रार्थी ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके समीप स्थित लगभग 38,090 वर्गफीट खाली भूमि, जो राजस्व रिकॉर्ड में संदीप जैन और अनुराग जैन के नाम पर दर्ज है, को आरोपी कुलदीप सिंह सोनी ने स्वयं के नाम एग्रीमेंट होना बताकर बेचने का झांसा दिया। आरोपी ने 24 जनवरी 2020 को एग्रीमेंट का दस्तावेज दिखाकर इकरारनामा किया। इसमें नगद और बैंक खाते के माध्यम से कुल 26 लाख रुपये भुगतान का उल्लेख था। इसके बाद आरोपी ने विभिन्न तिथियों में प्रार्थी से चेक के जरिए करीब 24 लाख रुपये प्राप्त किए।

विवेचना के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वास्तविक भूमि स्वामियों के नाम से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाए। इन दस्तावेजों के आधार पर आईसीआईसीआई बैंक में फर्जी खाता खोला गया और उसी खाते के माध्यम से ठगी की राशि आहरित की गई। इस तरह आरोपियों द्वारा कुल लगभग 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। प्रकरण में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 191/2026 धारा 318(2), 318(4), 337, 111(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी कुलदीप सिंह सोनी, उम्र 64 वर्ष, निवासी संतराबाड़ी, वार्ड क्रमांक 26, दुर्ग को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड जप्त किए हैं। साथ ही इस ठगी में शामिल अन्य व्यक्तियों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।