दुर्ग में वीवीआईपी मूवमेंट के चलते 6 फरवरी को ट्रैफिक डायवर्ट, भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद

दुर्ग में वीवीआईपी मूवमेंट के चलते 6 फरवरी को ट्रैफिक डायवर्ट, भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद

दुर्ग। दुर्ग जिले में 06 फरवरी 2026 को प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्शन प्लान लागू किया गया है। इसी दिन छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण का सम्मेलन आयोजित होना है, जिसके चलते शहर में वीवीआईपी और वीआईपी आगमन रहेगा। आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस ने छोटे वाहनों, बसों और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था तय की है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 06 फरवरी 2026 को सम्मेलन अवधि के दौरान दुर्ग शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
ग्रीन चौक दुर्ग से राजनांदगांव की ओर जाने वाले वाहन अग्रसेन चौक, इंदिरा मार्केट, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, राजेन्द्र पार्क–चर्च गेट, चौपाटी टर्निंग, उतई तिराहा, जेल रोड, महाराजा चौक मार्ग से आवागमन करेंगे। सेक्टर क्षेत्र से दुर्ग शहर में प्रवेश करने वाले वाहन ठगड़ा बंध पुल, जेल तिराहा, समृद्धि मार्केट, साईं द्वार, राजेन्द्र पार्क मार्ग का उपयोग करेंगे। वाय शेप ब्रिज दुर्ग से पुलगांव की ओर जाने वाले वाहन मालवीय नगर, राजेन्द्र प्रसाद चौक, चर्च चौपाटी टर्न, साईं द्वार, कासिरिडीह, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पद्मनाभपुर मार्ग से जाएंगे।

बसों के लिए रूट और पार्किंग व्यवस्था
दुर्ग से रायपुर, बेमेतरा, कवर्धा, गंडई, सलहेवारा, रेंगाखार जाने वाली बसें धमधा ओवरब्रिज के पहले गंज मंडी स्थित एफसीआई गोदाम में पार्क होंगी और वहीं से क्रमवार सवारी लेकर रवाना होंगी। दुर्ग से राजनांदगांव, खैरागढ़, बालोद, डोंगरगढ़, दल्लीराजहरा, धमतरी, अर्जुंदा जाने वाली बसें पुलिस लाइन दुर्ग–गंजपारा में पार्क होंगी और जीवन प्लाज़ा के सामने से सवारी लेंगी। दुर्ग से पाटन, रानीतरई और धमतरी जाने वाली बसें महिला समृद्धि बाज़ार, सिविल लाइन दुर्ग के सामने पार्किंग कर वहीं से प्रस्थान करेंगी।