चोरी प्रकरण में एक और गिरफ्तारी, चोरी के आभूषण खरीदने/छिपाने के आरोप में भिलाई का ये ज्वेलर्स संचालक पकड़ा गया


दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घर में चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस को एक और सफलता मिली है। अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत दर्ज घर से सोने-हीरे के आभूषण चोरी प्रकरण में पुलिस ने चोरी का माल खरीदने/छिपाने के आरोप में एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरा-रत्न जड़ित आभूषण, रूबी रत्न तथा नकद राशि जप्त की है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले घरेलू कामकाज करने वाली महिला आरोपी कविता देशलहरे (36 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की जा चुकी थी। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि चोरी गए आभूषणों को ज्वेलर्स द्वारा खरीदा और छिपाया गया है।

इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रमेश सोनी (53 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा (गोविंद ज्वेलर्स, टंकी मरोदा) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
जप्त सामग्री
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी से संबंधित सामग्री बरामद कर जप्त की है, जिसमें शामिल हैं:
हीरा-रत्न जड़ित दो नग अंगूठी
हीरा-रत्न जड़ित एक नग कान का टॉप
एक नग रूबी रत्न
नकद राशि ₹47,000
पूर्व में जब्त सोने-हीरे के अन्य आभूषण
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आरोपी ज्वेलर्स के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस को भी जोड़ा गया है। मामले की विवेचना आगे जारी है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि बिना वैध दस्तावेज किसी भी प्रकार के आभूषण का क्रय-विक्रय न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
