25 लाख का शादी कार्ड, 3 किलो चांदी और 65 देवी-देवताओं की आकृतियां

25 लाख का शादी कार्ड, 3 किलो चांदी और 65 देवी-देवताओं की आकृतियां

जयपुर। शादियों में महंगे कार्ड आपने देखे होंगे, लेकिन जयपुर से सामने आया ये मामला सबको चौंका रहा है। यहां एक व्यापारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए ऐसा कार्ड बनवाया, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

यह कार्ड 3 किलो शुद्ध चांदी से तैयार किया गया है। खास बात यह है कि इसमें 65 देवी-देवताओं के चित्र उकेरे गए हैं। यह अनोखा शादी कार्ड जयपुर के व्यापारी शिव जौहरी ने अपनी बेटी श्रुति जौहरी की शादी के लिए बनवाया है। कार्ड को तैयार करने में 128 चांदी के अलग-अलग टुकड़ों का इस्तेमाल किया गया है और इसमें कहीं भी कील या स्क्रू नहीं लगाया गया।

बॉक्स के आकार का यह कार्ड 8 इंच लंबा और 6.5 इंच चौड़ा है। कार्ड के ऊपरी हिस्से में भगवान गणेश की बड़ी आकृति है, जिस पर “श्री गणेशाय नम:” लिखा है। गणेश भगवान के दाईं ओर माता पार्वती और बाईं ओर भगवान शिव की आकृति बनी है। नीचे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को दर्शाया गया है।

कार्ड के अंदर भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े अहम प्रसंग उकेरे गए हैं। इसमें भगवान विष्णु के दस अवतार, दक्षिण भारतीय शैली में भगवान कृष्ण की प्रतिमा, माता लक्ष्मी के आठ रूप और सूर्य भगवान का चित्र भी शामिल है। इसके अलावा तिरुपति बालाजी के दोनों अवतार, शंख और ढोल बजाते सेवक, दीपक लिए देवी-देवताओं की आकृतियां भी कार्ड में दिखाई देती हैं।

शिव जौहरी बताते हैं कि इस कार्ड को बनाने में करीब एक साल का समय लगा। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि बेटी की शादी में रिश्तेदारों के साथ सभी देवी-देवताओं को भी आमंत्रण मिले। इसी सोच के साथ उन्होंने यह अनमोल कार्ड खुद तैयार किया।

कार्ड के बीच में दूल्हा-दुल्हन के नाम भी उकेरे गए हैं। दुल्हन का नाम श्रुति जौहरी और दूल्हे का नाम हर्ष सोनी है। साथ ही दोनों के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी कार्ड पर दर्ज हैं।