मंत्री गजेन्द्र यादव ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं, दुर्ग के लिए की बड़ी सौगातों की घोषणा


दुर्ग। शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रदेशवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नए अवसर लेकर आए। उन्होंने इसे आत्मचिंतन और सकारात्मक संकल्प का समय बताया और लोगों से प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि नए वर्ष में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण कार्यों में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने नागरिकों के लिए स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे होंगे। वे स्वयं इन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उरला क्षेत्र में निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम अगले चार माह में पूरा होने की संभावना है। गयानगर में बन रहा मांगलिक भवन 80 प्रतिशत से अधिक तैयार हो चुका है और अप्रैल के अंत तक इसका कार्य पूरा किया जाएगा। तैराकी से जुड़े खिलाड़ियों के लिए फरवरी तक आधुनिक स्विमिंग पूल का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं कसारीडीह सिविल लाइन में रजिस्ट्री कार्यालय का नया भवन और शीतला सब्जी मंडी के उन्नयन कार्य भी इस वर्ष पूरे होंगे।

साइंस कॉलेज में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए फंड संबंधी अड़चन दूर होने के बाद अब निर्माण कार्य में तेजी आई है और यह प्रोजेक्ट भी इसी वर्ष पूरा किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड 15 सिकोला बस्ती में 50 लाख की लागत से सामुदायिक भवन, बघेरा से आनंद सरोवर होते हुए नेशनल हाईवे तक अप्रोच रोड और 2 करोड़ की लागत वाली सड़क परियोजना को भी पूरा किया जाएगा। जेल तिराहा से मिनीमाता चौक पुलगांव तक और महाराजा चौक से बोरसी तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

