भिलाई में BSF ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

भिलाई में BSF ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

भिलाई। भिलाई में आज देशभक्ति का नजारा देखने लायक था। सामरिक मुख्यालय, महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल (स्पेशल-ऑपरेशन) छत्तीसगढ़ ने ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा और पब्लिक मार्च का आयोजन किया।

तिरंगे की शान में निकली यह यात्रा सामरिक मुख्यालय से शुरू होकर रिसाली क्षेत्र से होते हुए फिर मुख्यालय परिसर में पहुंची। BSF के अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ चल रहे थे। सीमा सुरक्षा बल नक्सल प्रभावित इलाकों में भी इस अभियान को पूरे जोश के साथ मना रहा है। घर-घर तिरंगा फहराने के लिए बल के जवान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर रहे हैं और उन्हें देश के गौरव में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। BSF ने इस मौके पर साफ संदेश दिया कि नक्सल विरोधी अभियान के साथ-साथ वे आम जनता की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के लिए हमेशा संकल्पबद्ध हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की शपथ ली।