ड्यूटी के प्रति समर्पित इस थाना प्रभारी का करंट लगने से निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर

जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना प्रभारी रामसाय पैंकरा का आकस्मिक निधन हो गया। यह दर्दनाक हादसा सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित उनके सरकारी आवास में हुआ, जहां सीपेज के चलते फैले करंट की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। घटना 27 जुलाई 2025 की है, जब वे रिफ्रेशर कोर्स के बाद अपने घर लौटे थे।
स्व. रामसाय पैंकरा चंदखुरी में आयोजित 7 दिवसीय रिफ्रेशर ट्रेनिंग में शामिल होने के बाद सीतापुर के सुरगांव स्थित अपने आवास पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी अधिकारी-कर्मचारी स्तब्ध हैं। जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. रामसाय पैंकरा एक कर्मठ, सजग और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। उनका असमय जाना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
स्वर्गीय रामसाय पैंकरा का जन्म 2 जनवरी 1964 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1983 में जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से क्रमश: 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में ASI, 2009 में उपनिरीक्षक (SI), और 2014 में निरीक्षक पद तक का सफर तय किया। वर्तमान में वे जशपुर जिले के नारायणपुर थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। उनका रिटायरमेंट फरवरी 2026 में होने वाला था। पुलिस विभाग ने एक जांबाज़ और समर्पित अधिकारी को खो दिया है। विभागीय और जनसामान्य स्तर पर उनकी कार्यशैली और सेवा भावना को लंबे समय तक याद किया जाएगा।