सूर्या मॉल के आसपास नो पार्किंग में खड़े 172 वाहनों पर कार्रवाई

चारपहिया वाहनों के ई-चालान काटे, दोपहिया वाहनों को क्रेन से हटाकर यातायात कार्यालय पहुंचाया

सूर्या मॉल के आसपास नो पार्किंग में खड़े 172 वाहनों पर कार्रवाई

भिलाई। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार, 25 अक्टूबर को सूर्या मॉल के आसपास चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े कुल 172 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े चारपहिया वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत ई-चालान जारी किए गए। वहीं, नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात कार्यालय लाया गया। इन वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें और सड़क पर यातायात बाधित करने से बचें। पुलिस के अनुसार, शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नो पार्किंग के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।