नवनिर्मित मकान से 3 लाख के बिजली तार और एसी कनेक्शन चोरी, चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार

चोरी के तार जलाकर बदला स्वरूप, कबाड़ी के कब्जे से जला हुआ वायर और एसी कनेक्शन बरामद

नवनिर्मित मकान से 3 लाख के बिजली तार और एसी कनेक्शन चोरी, चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार

भिलाई, 27 सितंबर। कैलाश नगर में नवनिर्मित मकान से बिजली वायर और एसी कनेक्शन चोरी करने के मामले में जामुल पुलिस ने चोरी की संपत्ति खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के बाद जलाए गए बिजली तार और एसी कनेक्शन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार कैलाश नगर निवासी नेहा साहू ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नवनिर्मित मकान से 15 अगस्त और 26 अगस्त को बिजली वायर एवं एसी कनेक्शन चोरी हो गए। चोरी की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई थी। शिकायत पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को दो विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में जानकारी मिली। पूछताछ और जांच में सामने आया कि मकान से चोरी किए गए बिजली वायर और एसी कनेक्शन को आग से जलाकर उनका स्वरूप बदला गया और इसके बाद उन्हें कबाड़ी के पास बेच दिया गया। दोनों बालकों के विरुद्ध 11 सितंबर को विधि अनुसार कार्रवाई की जा चुकी है।

आगे की जांच में पुलिस ने चोरी की संपत्ति खरीदने वाले मनोज कुमार गुप्ता उर्फ मन्नु (42 वर्ष), निवासी महात्मा गांधी नगर, कैम्प-02, भिलाई की पहचान की। 27 सितंबर को पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के बाद जलाए गए बिजली तार और एसी कनेक्शन बरामद किए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा नवनिर्मित मकानों को निशाना बनाकर बिजली वायर और एसी कनेक्शन चोरी किए जाते थे। चोरी के बाद वायर को आग में जलाकर उसका मूल स्वरूप बदल दिया जाता था, ताकि उसे कबाड़ी को बेचकर खपाया जा सके।

मामले में अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।