जिला अदालतों में अब 3 नई ई-सेवाएं, दुर्ग कोर्ट में KIOSK और AFR ऐप की सुविधा शुरू
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने जिला न्यायपालिका के लिए तीन नई ई-सेवाएं शुरू की हैं। दुर्ग जिला न्यायालय में KIOSK, कैशलेस जुर्माना भुगतान, AFR मोबाइल ऐप और डिजिटल कोर्ट फीस टिकट की सुविधा लागू की जा रही है।

दुर्ग। न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुलभ और डिजिटल बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने जिला न्यायपालिका के लिए तीन नई ई-सेवाओं की शुरुआत की है। इन सुविधाओं का लाभ अधिवक्ताओं के साथ-साथ न्यायालय में आने वाले पक्षकारों को भी मिलेगा। उच्च न्यायालय के कंप्यूटर सेल/सीपीसी के निर्देशों के पालन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय दुर्ग ने इन सेवाओं को लागू करने की विस्तृत व्यवस्था तैयार की है। इन नई सुविधाओं में कैशलेस जुर्माना भुगतान, एएफआर मोबाइल एप्लीकेशन और कोर्ट फीस टिकट जनरेशन सिस्टम शामिल हैं।
कैशलेस होगा कोर्ट जुर्माने का भुगतान
नई व्यवस्था के तहत जिला न्यायालयों में अदालती जुर्माने का भुगतान डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा। इससे न्यायालयों में नकद लेन-देन कम होगा और कागजी प्रक्रिया में भी कमी आएगी। डिजिटल भुगतान के कारण लेन-देन का रिकॉर्ड इलेक्ट्रॉनिक रूप से उपलब्ध रहेगा, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
AFR मोबाइल ऐप से फैसलों तक आसान पहुंच
AFR यानी Approved for Reporting मोबाइल ऐप के माध्यम से अधिवक्ताओं और पक्षकारों को उच्च न्यायालय के रिपोर्टिंग के लिए स्वीकृत महत्वपूर्ण फैसलों, केस साइटेशन और कानूनी व्याख्याओं तक डिजिटल माध्यम से पहुंच मिल सकेगी। इस सुविधा से अधिवक्ताओं को केस की तैयारी के दौरान जरूरी न्यायिक निर्णय और कानूनी संदर्भ तलाशने में मदद मिलेगी। ऐप के व्यापक उपयोग के लिए इसका डाउनलोड लिंक जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग और सभी अधीनस्थ न्यायालयों को ईमेल तथा व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किया गया है।
डिजिटल तरीके से जमा होगी कोर्ट फीस
तीसरी सुविधा कोर्ट फीस टिकट जनरेशन सिस्टम है। इसके माध्यम से अधिवक्ता और पक्षकार ePay-eCourts पोर्टल तथा GRAS प्रणाली के जरिए UPI या नेट बैंकिंग से डिजिटल कोर्ट फीस जमा कर सकेंगे। भुगतान सफल होने के बाद सिस्टम द्वारा GRN और e-Challan स्वतः जनरेट किया जाएगा। कोर्ट रजिस्ट्री इनका सत्यापन कर सकेगी। इससे कोर्ट फीस जमा करने की प्रक्रिया में समय की बचत के साथ रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
दुर्ग कोर्ट में KIOSK और प्रिंटर की व्यवस्था
उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत दुर्ग जिला न्यायालय परिसर में पक्षकारों और अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए KIOSK मशीन के साथ विशेष प्रिंटर की व्यवस्था की जा रही है। इसके माध्यम से डिजिटल कोर्ट फीस टिकट तत्काल प्रिंट किए जा सकेंगे। दुर्ग जिला न्यायालय के अंतर्गत पाटन, भिलाई-3 और धमधा तालुका न्यायालय भी इस व्यवस्था में शामिल हैं।
नोटिस बोर्ड और वेबसाइट से लोगों को मिलेगी जानकारी
ई-सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी जिला न्यायालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जा रही है। साथ ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय दुर्ग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इन सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जा रही है।
