बैटरी केमिकल से महिला पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

बातचीत बंद करने से था नाराज, मोटरसाइकिल से पहुंचकर महिला पर उड़ेल दिया केमिकल; बाइक और केमिकल से भरा डिब्बा जब्त

बैटरी केमिकल से महिला पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा के पास एक महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान महेश दास (30), निवासी ग्राम कारंजा भिलाई, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल से भरा डिब्बा भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया गई थी। इसी दौरान आरोपी महेश दास ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा। बताया गया कि आरोपी पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज था। वह अपने साथ टिन के डिब्बे में बैटरी में पाए जाने वाला केमिकल लेकर आया था और उसने पीड़िता के ऊपर उसका छिड़काव कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायल महिला से घटना की जानकारी ली। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम ने रातभर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संभावित स्थानों पर पूछताछ और पतासाजी के बाद आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के संबंध में जानकारी दी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने मोटरसाइकिल के साथ केमिकल युक्त एक डिब्बा भी जब्त किया है। नंदिनी नगर पुलिस ने आरोपी महेश दास को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।