सड़क पर कब्जा और गलत पार्किंग करने वालों पर सख्ती, एक सप्ताह में 1215 वाहनों के ई-चालान

167 दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस, 97 कंडम वाहन हटाए गए; BNS की धारा 152 के तहत 9 दुकानदारों को नोटिस

सड़क पर कब्जा और गलत पार्किंग करने वालों पर सख्ती, एक सप्ताह में 1215 वाहनों के ई-चालान

भिलाई। शहर की सड़कों और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कराने यातायात पुलिस दुर्ग ने कार्रवाई तेज कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-53, मुख्य मार्गों और सर्विस रोड पर यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पिछले एक सप्ताह से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वाले 167 दुकानदारों को नोटिस दिया गया, जबकि अवैध एवं अव्यवस्थित पार्किंग करने वाले 1215 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने इस अभियान को नगर निगम भिलाई, नगर निगम दुर्ग, नगर निगम चरोदा और नगर पालिका कुम्हारी के साथ संयुक्त रूप से चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर या सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई।

सड़क पर दुकान का सामान रखा तो होगी कार्रवाई

यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान का सामान सड़क अथवा पैदल चलने वाले मार्ग पर न रखें। सड़क और फुटपाथ पर सामान रखने से वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है और जाम की स्थिति बनती है।

सड़क किनारे ठेला लगाने वाले व्यवसायियों को भी सड़क के नीचे किनारे की ओर ठेला लगाने की समझाइश दी गई। वहीं गुमटी संचालकों को सड़क पर दुकान लगाकर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए।

सुपेला और पावर हाउस में ऑटो डीलरों पर भी कार्रवाई

सुपेला और पावर हाउस क्षेत्र में मुख्य मार्ग के किनारे ऑटो डीलरों द्वारा सड़क पर खड़े किए गए वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने संबंधित लोगों को भविष्य में सड़क पर वाहन खड़े नहीं करने की समझाइश दी।

ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित पावर हाउस बस स्टैंड में ही वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्य मार्ग पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।

दुर्ग, सुपेला और भिलाई-3 में सबसे ज्यादा ई-चालान

पिछले एक सप्ताह की कार्रवाई में अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 1215 वाहनों पर ई-चालान किया गया।

  • दुर्ग क्षेत्र: 256 वाहन
  • सुपेला क्षेत्र: 567 वाहन
  • भिलाई-3 क्षेत्र: 392 वाहन
  • कुल: 1215 वाहन

इन सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

97 कंडम वाहन सड़क से हटाए

अभियान के दौरान लंबे समय से सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थानों पर खड़े 97 कंडम वाहनों को भी हटाया गया। ऐसे वाहन न केवल सड़क की जगह घेरते हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था में भी बाधा उत्पन्न करते हैं।

इसके अलावा सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले 9 दुकानदारों को BNS की धारा 152 के तहत नोटिस जारी किया गया। इनमें दुर्ग क्षेत्र के 3 और छावनी क्षेत्र के 6 दुकानदार शामिल हैं।

कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल एक सप्ताह तक सीमित नहीं रहेगा। सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने और अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

यातायात पुलिस ने दुकानदारों, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों, ठेला एवं गुमटी संचालकों तथा वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क और सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अव्यवस्थित पार्किंग न करें।

पुलिस के अनुसार सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है। सड़क पर दुकान का सामान, ठेला, गुमटी या वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है। इसलिए सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करें।