उधारी रकम और सब्जी कैरेट मांगने पर भड़का युवक, धारदार हथियार लहराकर दी जान से मारने की धमकी
बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रांसपोर्टर से भी मारपीट, सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर

भिलाई। उधारी की रकम और 77 सब्जी कैरेट वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की। बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रांसपोर्टर के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से सुपेला पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आकाश गंगा सुपेला में नारायण सिंह की थोक सब्जी की दुकान है। आरोपी मिथलेश कुमार चौधरी ने पूर्व में उसकी दुकान से उधारी में सब्जी ली थी। आरोपी के पास उधारी की रकम के साथ प्रार्थी के 77 नग सब्जी कैरेट वापस करना भी बाकी था। प्रार्थी के मुताबिक रकम वापस मांगने के लिए आरोपी से फोन पर संपर्क किया जा रहा था, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था।
उधारी मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट
पुलिस के मुताबिक 8 अगस्त को करीब 11:15 बजे प्रार्थी की आरोपी से पारस ज्वेलर्स के पास, आकाश गंगा सुपेला में मुलाकात हो गई। नारायण सिंह ने जब उधारी रकम और कैरेट वापस करने की बात कही तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मिथलेश ने अपने टाटा एस वाहन से धारदार हथियार निकाला और उसे लहराते हुए प्रार्थी को डराया-धमकाया।

बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रांसपोर्टर से भी मारपीट
घटना के दौरान वहां मौजूद ट्रांसपोर्टर पुष्पेन्द्र साहू ने दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। घटना में नारायण सिंह और पुष्पेन्द्र साहू को चोटें आई हैं।
सूचना मिलने के बाद डायल-112 की सहायता से आरोपी को पकड़कर थाना सुपेला लाया गया।
धारदार हथियार बरामद
सुपेला पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1141/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी मिथलेश कुमार चौधरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी अहिवारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार बरामद किया है। हथियार के फल की लंबाई करीब 7.5 इंच और मध्य चौड़ाई करीब 2 इंच बताई गई है। इसमें प्लास्टिक की मूठ लगी हुई है।
पुलिस के मुताबिक घटना का मुख्य कारण उधारी रकम और 77 नग सब्जी कैरेट वापस करने को लेकर हुआ विवाद है।
