बंद फैक्ट्री से 40 हजार का लोहा चोरी, CCTV ने खोल दी चोरों की पोल, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र की एक बंद फैक्ट्री से लोहे की प्लेट चोरी करने वाले तीन आरोपियों का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई लोहे की प्लेट भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, इंडस्ट्रियल एरिया भिलाई स्थित बी.एस. कास्टिंग कंपनी के प्लॉट नंबर 34-बी में 31 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने बंद फैक्ट्री में घुसकर लोहे की प्लेट चोरी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने पर कंपनी के प्रतिनिधि जितेंद्र पाण्डेय ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मिले सुराग, मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदेही रवि विश्वकर्मा उर्फ खेलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी राहुल कुर्रे और एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई लगभग 40 हजार रुपये मूल्य की लोहे की प्लेट बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय रवि विश्वकर्मा उर्फ खेलू निवासी गौतम नगर, सन्यासी गली और 21 वर्षीय राहुल कुर्रे निवासी गौतम नगर, सेक्टर-1, भिलाई के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय बंद पड़ी फैक्ट्री को निशाना बनाते थे, ताकि सुनसान का फायदा उठाकर भारी लोहे की प्लेट चोरी कर आसानी से फरार हो सकें। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
दुर्ग पुलिस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों से अपील की है कि अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
