गजनी के विलेन प्रदीप रावत का निधन, 74 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई। हिंदी, तमिल और तेलुगू सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। इस खबर के सामने आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
यशपाल शर्मा ने अपने पोस्ट में लिखा, "प्रदीप रावत... हमारे 'गजनी' के विलेन और 'लगान' के देवा अब हमारे बीच नहीं रहे। रेस्ट इन पीस।" इसके साथ उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए इमोजी भी साझा की।
प्रदीप रावत का जन्म 21 जनवरी 1952 को हुआ था। उनके परिवार में पत्नी कल्याणी रावत और दो बच्चे हैं।
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर में हिंदी, तमिल और तेलुगू फिल्मों के अलावा टेलीविजन में भी यादगार भूमिकाएं निभाईं। उन्हें खास तौर पर दमदार खलनायक के किरदारों के लिए जाना जाता था।
उन्हें शुरुआती पहचान बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका से मिली। इसके बाद उन्होंने 'लगान' में देवा सिंह सोढ़ी और आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 'गजनी' में खतरनाक विलेन का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
प्रदीप रावत का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके दमदार अभिनय और यादगार किरदार हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगे।
