इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट कर युवती को करता था प्रताड़ित, फरार आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट कर युवती को करता था प्रताड़ित, फरार आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार

दुर्ग। नेवई थाना पुलिस ने युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने और इंस्टाग्राम पर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले फरार आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर थाना नेवई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी सूरज सिंह (36) करीब तीन वर्ष पहले नेवई भाठा क्षेत्र में किराए से रहता था। इस दौरान वह पीड़िता का स्कूल आते-जाते पीछा करता और छेड़छाड़ करता था। इसके बाद इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता के भाई को अश्लील संदेश भेजने लगा। आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार की निजी तस्वीरों का बिना अनुमति इस्तेमाल कर उन पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां भी पोस्ट कीं, जिससे पीड़िता लगातार मानसिक प्रताड़ना का शिकार होती रही।

विवेचना के दौरान पुलिस ने इंस्टाग्राम स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) में मिली। नेवई पुलिस की टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद दुर्ग लेकर आई।

जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं। रविवार को आरोपी को दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक रवि बिसाई और चंदन भास्कर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। किसी महिला या व्यक्ति के विरुद्ध ऑनलाइन उत्पीड़न, अश्लील सामग्री प्रसारित करना या निजी तस्वीरों का दुरुपयोग करना कानूनन दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।