रायपुर में GST की बड़ी कार्रवाई, खजूर कारोबारी से वसूले गए ₹1.30 करोड़, पेन ड्राइव ने खोला करोड़ों के कारोबार का राज

रायपुर में GST की बड़ी कार्रवाई, खजूर कारोबारी से वसूले गए ₹1.30 करोड़, पेन ड्राइव ने खोला करोड़ों के कारोबार का राज

रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने खजूर कारोबार से जुड़े एक बड़े कर अपवंचन मामले का खुलासा करते हुए शहर के कारोबारी साधुराम नेनूमल से 1.30 करोड़ रुपये कर एवं जुर्माने के रूप में वसूल किए हैं। बताया जा रहा है कि खजूर के कारोबार में यह विभाग की अब तक की सबसे बड़ी वसूली में से एक है।

जानकारी के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि एसएन ट्रेडर्स का देवपुरी में बड़ा गोदाम है, जहां से खजूर का बड़ा कारोबार संचालित किया जाता है। कारोबारी गुढ़ियारी समेत शहर के अन्य इलाकों से भी खजूर की खरीद-बिक्री करता है और विदेशों से आयात कर कई राज्यों में इसकी आपूर्ति करता है।

सूचना के आधार पर जीएसटी अधिकारियों ने देवपुरी स्थित गोदाम पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में कोई बड़ी अनियमितता सामने नहीं आई, लेकिन जांच के दौरान कबाड़ में रखे एक कंप्यूटर में लगी पेन ड्राइव अधिकारियों के हाथ लग गई। पेन ड्राइव में मौजूद डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में करोड़ों रुपये के कथित कच्चे कारोबार से जुड़े दस्तावेज मिले।

इसके बाद अधिकारियों ने उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान जीएसटी रिटर्न और अन्य दस्तावेजों से किया। जांच में कारोबार और घोषित लेनदेन में अंतर मिलने पर कारोबारी पर 1.30 करोड़ रुपये की कर देनदारी और जुर्माना तय किया गया।

बताया जा रहा है कि कारोबारी ने आगे की वैधानिक कार्रवाई से बचने के लिए निर्धारित राशि विभाग के पास जमा कर दी है। जीएसटी विभाग इस मामले में दस्तावेजों की आगे भी जांच कर रहा है।