महिला ट्रेड अप्रेंटिस और ठेका श्रमिकों के मुद्दों पर बीएसपी प्रबंधन से वर्कर्स यूनियन की अहम बैठक

ईडी (एचआर) के समक्ष सुरक्षा, एरिया पास, ग्रेडिंग में पारदर्शिता और कर्मचारी सुविधाओं की मांग; 400 प्रशिक्षुओं से जुड़े मुद्दे उठाए

महिला ट्रेड अप्रेंटिस और ठेका श्रमिकों के मुद्दों पर बीएसपी प्रबंधन से वर्कर्स यूनियन की अहम बैठक

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों तथा करीब 400 महिला एवं पुरुष ट्रेड अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बीएसपी वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) पवन कुमार से अधिकृत बैठक की। इस्पात भवन स्थित ईडी (एचआर) सभागार में हुई बैठक में कार्यस्थल पर सुरक्षा, श्रमिक सुविधाओं और ग्रेडिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता सहित कई अहम विषयों पर चर्चा हुई।

यूनियन अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता ने कहा कि कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों और विशेष रूप से महिला ट्रेड अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं से कार्यस्थल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने प्रबंधन से इन विषयों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि सभी कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।

बैठक में ठेका श्रमिकों के एरिया पास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने बताया कि एरिया पास नहीं बनने के कारण कई श्रमिकों को संयंत्र के प्रवेश द्वार से अपने कार्यस्थल तक तीन से चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। इससे गर्मी, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यूनियन ने संयंत्र के प्रमुख स्थानों पर कर्मचारी प्रतीक्षालय बनाने का सुझाव भी दिया, ताकि श्रमिकों और कर्मचारियों को मौसम से राहत मिल सके।

बीएसपी कर्मचारियों की अप्रेजल (ग्रेडिंग) प्रणाली को लेकर भी चर्चा हुई। यूनियन ने मांग की कि कर्मचारियों को उनकी ग्रेडिंग रिपोर्ट देखने का अवसर दिया जाए, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वासपूर्ण बन सके।

बैठक में बीएसपी वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता, कार्यकारी महासचिव शिव बहादुर सिंह, अतिरिक्त महासचिव दिलेश्वर राव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित बर्मन, शेख मेहमूद, कृष्णामूर्ति, उप महासचिव सुरेश सिंह, राजकुमार सिंह, प्रदीप सिंह, विमलकांत पांडे, सहायक महासचिव ऋषभ घोष, वरिष्ठ सचिव धनंजय कुमार गिरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।