सुपेला में गांजा बेचने की फिराक में आरोपी गिरफ्तार, 1.020 किलो गांजा जब्त

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत एक और कार्रवाई करते हुए सुपेला थाना क्षेत्र से गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लाटर हाउस के सामने आर.के. ग्राउंड, सुपेला के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजीव चौहान (39 वर्ष) निवासी जवाहर नगर, बॉम्बे आवास, जामुल, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद कैरी बैग में रखी गुलाबी पॉलीथीन से 1 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1048/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहा था और अवैध रूप से मादक पदार्थ की बिक्री करने की तैयारी में था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिव नारायण सिंह, सहायक उप निरीक्षक पूरन लाल साहू, पीएसआई विजेंद्र डहरिया, प्रधान आरक्षक शुभोध पांडेय तथा आरक्षक गौरव पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
